पहले हर शिक्षा खंड और उसके बाद जिला स्तर पर किया जाएगा चयन
27 नवंबर से दो दिसंबर तक चलेगा खंड स्तरीय चयन अभियान
उसके बाद जिला स्तर पर होगा वॉलंटियर्स का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में एनएसएस मेगा शिविर के लिए स्वयंसेवियों का चयन अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से खंड स्तर पर होने वाले आयोजनों की तिथियां जारी की गई हैं। इसके साथ सभी स्कूलों को इस शिविर में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। खंड स्तर पर होने वाले चयन शिविर 27 नवंबर से शुरू होकर दो दिसंबर तक जारी रहेंगे।
ऊना शिक्षा खंड का स्वयंसेवी चयन शिविर 27 नवंबर को राजकीय बाल स्कूल में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। इसके अलावा हरोली खंड में यह शिविर ललड़ी स्कूल में 28 नवंबर को करवाया जाएगा। बंगाणा खंड में स्वयंसेवियों का चयन शिविर 29 नवंबर को मंदली स्कूल, अंब खंड का रावमापा अंब में 30 नवंबर को आयोजित होगा। गगरेट क्षेत्र में यह शिविर दो दिसंबर को रावमापा गोंदपुर बनेहड़ा में आयोजित होगा। इसके बाद पांच दिसंबर को जिलास्तरीय चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में हिस्सा लेने के इच्छुक स्वयंसेवियों को फोटो, पहचान पत्र, प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर वाला प्रमाण पत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट, एनएसएस ड्रेस के साथ शिविर में हिस्सा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर के लिए लगी नौ अध्यापकों की ड्यूटी
इस चयन शिविर के लिए नौ अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलास्तरीय शिविर में मुख्य चयनकर्ता भंजाल स्कूल के एनएसएस जिला समन्वयक मुकेश सलारिया होंगे। इसके अलावा बाल स्कूल से सुरेंद्र कौंडल, थानाकलां से संजीव पराशर, रायपुर मैदान से पवन कुमार, बहडाला से अशोक हांडा, चौकी मन्यार से विरेंद्र कुमार, कुठेड़ा जसवालां से अरुणा रानी, अरलू से राजपाल कुटलैहड़िया, बढेड़ा से रुचिका शर्मा विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
जिले के सभी स्कूलों को एनएसएस वाॅलंटियर के चयन शिविर में हिस्सा लेने के निर्देश दिए गए हैं। चयनित स्वयंसेवियों को विभिन्न आयोजनों में जिला की ओर से प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसमें किसी प्रकार की दुविधा होने पर स्कूल प्रबंधक शिक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
राजेंद्र कौशल, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग।