अंब (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन वीरवार सुबह के सत्र में सभी एनएसएस स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर की नालियों की साफ़-सफ़ाई की। क्यारियों की सफ़ाई एवं साज-सजावट करके श्रमदान किया। दूसरे सत्र में नेहरू युवा केंद्र जिला ऊना के युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय योजना इकाई के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गांधी जी को याद करते हुए कहा कि वह निष्काम कर्मयोगी और सच्चे अर्थों में युग पुरुष थे। उन्होंने स्वयंसेवियों से गांधी के आदर्शों को अपनाने और एक मजबूत और नैतिक समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की। उन्होंने अपने संबोधन में ‘माई भारत पोर्टल’ की समस्त जानकारी प्रदान की और अपने वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्रों में न केवल समाज सेवा की भावना जागृत होती है, बल्कि उनका व्यक्तित्व भी निखरता है।