बड़ूही(ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में शनिवार को सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ किया गया। क्षेत्र के समाजसेवी सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने की। शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से किया गया। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम सिंह ने सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों की ओर से किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और समाज के प्रति संवेदनशील रहना हमारा कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। संवाद