बंगाणा बाजार में बिजली ट्रांसफार्मर का काम करते हुए कर्मी।संवाद
बंगाणा उपमंडल में विद्युत बोर्ड के उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिलेगा। बोर्ड ने अब 100 केवी की जगह पर 250 केवी का ट्रांसफार्मर लगा दिया है। इससे उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के मेन बाजार सहित आसपास के 2500 के करीब विद्युत उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि स्थानीय लोगों ने भी इस समस्या को लेकर कुटलैहड़ के विधायक देवेन्द्र कुमार भूटटो से समस्या का हल करवाने का आग्रह किया था। विधायक भूटटो ने भी जल्द ही समस्या का समाधान हल करवाने की बात कही थी। बंगाणा बाजार में पहले 100 केवी ट्रांसफार्मर से काम चलाया जा रहा था, जिससे वोल्टेज की समस्या आ रही थी। विद्युत बोर्ड द्वारा शुक्रवार को बंगाणा बाजार में 100 केवी के स्थान पर 250 केवी ट्रांसफार्मर लगा दिया है। इससे बंगाणा बाजार सहित सरकारी कार्यालयों, हिमुडा कालोनी, वोट, मुच्छाली, चिल्ली, नायली, भलेती सतरूखा, बंगाणा बाजार, ठंडी खूनी सहित अन्य गांवों के लगभग 2500 के करीब उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा और कम बोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी।
इस संबंधी उपमंडल बंगाणा क्षेत्र से विद्युत बार्ड के सहायक अभियंता ई. उदित सिंह का कहना है कि यहां पर पहले 100 केवी ट्रांसफार्मर रखा गया था। इसके स्थान पर अब 250 केवी ट्रांसफार्मर रखा गया है, जिससे 2500 के करीब उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। वहीं पर जल्द ही हटली तलमेहडा, धुंधला लठियाणी सहित अन्य फीडर में भी ट्रांसफार्मरों की मांग की गई है। जैसे ही नए ट्रांसफार्मर मिल जाएंगे, उन्हें लगा दिया जाएगा।