विधायक ने तुरकाल में 14.84 करोड़ की लागत से बन रही पेयजल योजना का किया निरीक्षण
पानी उठाने वाली जगह का किया चयन, मुच्छाली क्षेत्र की 18 पंचायतों को मिलेगा स्थायी समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में गर्मियों के मौसम में पानी की किल्लत को खत्म करने के लिए एक बड़ी और महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य शुरू हो चुका है। शनिवार को कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पंचायत बुधान के गांव तुरकाल में 14.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रही पेयजल योजना का निरीक्षण किया। यह योजना मुच्छाली क्षेत्र की 18 पंचायतों को लाभ पहुंचाने जा रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने स्थायी जल स्रोत का चयन भी किया। जहां से पानी उठाकर विभिन्न पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा। विवेक शर्मा ने बताया कि इस पेयजल योजना की कुल लागत 14.84 करोड़ है। इस योजना से 18 पंचायतें जो मुच्छाली जिला पार्षद वार्ड का हिस्सा हैं, यहां गर्मियों में जलसंकट से स्थायी मुक्ति मिलेगी। विधायक विवेक शर्मा ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को फील्ड में उतरकर स्थिति का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र से पानी की आपूर्ति को लेकर शिकायत आती है तो संबंधित वाटर गार्ड को तत्काल नोटिस जारी किया जाएगा। यह योजना क्षेत्र के विकास की एक नई तस्वीर पेश करेगी। उन्होंने दावा किया कि एक बार यह पेयजल योजना पूरी हो जाने के बाद मुच्छाली की 18 पंचायतों में हमेशा के लिए पानी की समस्या समाप्त हो जाएगी। यह न सिर्फ गर्मियों में बल्कि सालभर भरपूर और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगी।