ऊना। समतल मैदान और बेहतर खेल सुविधाएं होने के बावजूद जिले के फुटबाल खिलाड़ियों को पिछले करीब तीन वर्षों से नियमित फुटबाल कोच नहीं मिल पाया है। जुलाई 2023 से अब तक प्रशिक्षक की नियुक्ति न होने के कारण खिलाड़ियों में निराशा बढ़ रही है। स्थानीय खिलाड़ियों में रजत सिंह, राहुल कुमार, हर्ष, अरुण कुमार का कहना है कि वे रोज मैदान में पसीना तो बहाते हैं लेकिन बिना प्रशिक्षक के उनकी प्रतिभा नहीं निखर रही। उनका मानना है कि केवल अभ्यास ही काफी नहीं होता बल्कि एक अनुभवी कोच खिलाड़ी की छिपी हुई प्रतिभा को पहचान कर उसे निखारता है और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए तैयार करता है।
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रदेश सरकार तथा खेल विभाग से मांग की है कि जिला ऊना में जल्द से जल्द नियमित फुटबाल कोच की नियुक्ति की जाए ताकि युवा खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित हो सके और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें। जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया का कहना है कि विभाग में खाली चल रहे कोच के पदों के बारे में आला अधिकारियों को समय-समय पर रिपोर्ट तैयार करके भेजी जाती है। सरकार के स्तर पर ही खाली पड़े कोच के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू होगी।