:सारड़ा में नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण के मौके पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू तथा अन्य ।स्
- फोटो : katra news
ग्रामीणों को मिलेगी नए भवन की सुविधा, प्रमाण पत्र, राजस्व कार्य के लिए भटकना नहीं पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने वीरवार को ग्राम पंचायत सारड़ा में करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। जनता को समर्पित इस भवन से अब ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, राजस्व कार्य और अन्य पंचायत संबंधी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान सरकार का बजट सीधे ग्रामीण विकास के लिए निर्धारित किया गया है, ताकि लाभ अंतिम पायदान तक पहुंच सके। विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी विवरण साझा किया। उन्होंने कहा कि किसानों तक पानी पहुंचाना और पेयजल समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है, और इसके लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है। इसके अलावा, अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों के खाली पदों को भरकर जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पंचायत भवन के लिए भूमि दान करने वाले सेवानिवृत्त एसडीओ कुशल डढवाल, केशव सिंह और कुलदीप सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया। लोकार्पण के पश्चात उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निपटारे के निर्देश दिए।