संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। थाना हरोली के तहत हीरां थड़ा गांव में एक नई स्कूटी घर के आंगन से चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने स्कूल मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार किरण कुमारी पत्नी शाम लाल निवासी गांव हीरां थड़ा तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 29 मार्च को उसकी नंनद उषा और ननटोई कमलजीत सिंह अपनी नई स्कूटी सुजुकी बर्गमैन, जिसका भी नंबर भी नहीं आया था, पर उनके घर आए। उन्होंने घर के प्रांगण में स्कूटी पार्क की और मां ज्वाला जी मंदिर में माथा टेकने के लिए अन्य गाड़ी में चले गए। किरण कुमारी ने बताया कि वह घर पर ही थी और रात को सोने से पहले स्कूटी भी प्रांगण में खड़ी थी, लेकिन जब मंगलवार सुबह उठकर देखा तो स्कूटी वहां से गायब थी। उन्होंने कहा कि घर का मुख्य गेट भी खुला हुआ था। वहीं, प्रांगण में रखी खेतों को बाढ़ करने वाली कांटेदार तार का बंडल भी नहीं मिला।
उधर, डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी से आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।