ऊना शहर के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन ने तैयार किया खाका
एसडीएम कार्यालय ऊना में 15 दिन के भीतर जनता से मांगे सुझाव
जसवीर ठाकुर
ऊना। ऊना शहर में नए पार्क बनाना और पुराने पार्कों का सौंदर्यीकरण करने की दिशा में प्रशासन ने रूपरेखा तैयार कर ली है। शहर में नए पार्क स्थापित करने के लिए शहर की प्रबुद्ध जनता से एसडीएम कार्यालय ऊना ने सुझाव आमंत्रित किए हैं।
एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में ऊना शहर के पार्कों का नवीनीकरण करना बहुत आवश्यक है। वर्तमान में शहर का ही एकमात्र एमसी पार्क की स्थिति दयनीय बनी हुई है। आगामी दिनों में नगर परिषद का हाउस बुलाए जाने की रूपरेखा तैयार कर ली है और हाउस में भी नगर परिषद के पार्षदों के शहर के बेहतरी के लिए सुझाव लिए जाएंगे। इसके अलावा ऊना शहर में नए पार्क स्थापित करने के लिए भी शहर की प्रबुद्ध जनता से सुझाव आमंत्रित किए हैं। उन्होंने कहा है कि वर्तमान में ऊना शहर के एकमात्र एमसी पार्क पर स्थापित किए गए तमाम तरह के उपकरण भी दयनीय स्थिति को बयां कर रहे हैं। इसके चलते प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पुराने पार्क का नवीकरण करने के साथ ही वहां पर नए उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही ऊना शहर में प्रस्तावित जगह को भी पार्क के लिए चिन्हित किया जाएगा, ताकि शहर के विभिन्न वार्डों के लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को सुविधा मिल सके। इस दिशा में प्रशासन प्रयासरत है और आगामी दिनों में रूपरेखा तैयार करके उसे नगर परिषद के हाउस में अमलीजामा पहनाया जाएगा और शहरी क्षेत्र की जनता को तमाम तरह की सुविधा मुहैया करवाने की दिशा में प्रशासन उचित कदम उठाने जा रहा है।
उन्होंने इस दिशा में आम जनता से भी प्रशासन और नगर परिषद का सहयोग करने का आह्वान किया है, ताकि ऊना शहर का सौंदर्यीकरण हो सके और संबंधित वार्ड की जनता को भी तमाम तरह की सुसज्जित सुविधा मुहैया करवाई जा सके। काफी समय से नगर परिषद का हाउस नहीं बुलाया गया है। एसडीएम के पास नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार होने की सूरत में और व्यस्तता अधिक रहने के चलते विलंब हुआ है। इस हफ्ते नगर परिषद का हाउस बुलाया जाना संभव है, जिसके चलते उन्होंने शहर के सौंदर्यीकरण, पार्कों के नवीकरण, नए पार्कों के लिए जगह चिन्हित करने के बारे में 15 दिन के भीतर एसडीएम कार्यालय में सुझाव आम जनता से आमंत्रित किए हैं। वर्तमान में नगर परिषद के 11 वार्ड हैं, जहां पर 25000 से अधिक की आबादी जीवन बसर कर रही है।
सचित्र