डॉ. मीता शर्मा ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दी प्रेरणा
एनसीसी के 76वें स्थापना दिवस पर विभिन्न गतिविधियों में लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के 76वें स्थापना दिवस पर राजकीय कॉलेज ऊना के एनसीसी कैडेट्स ने 6 एचपी (आई) कंपनी एनसीसी ऊना के तहत कई सामाजिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कैडेट्स ने दो मुख्य गतिविधियों में भाग लिया। कैडेट्स ने जिला यातायात पुलिस ऊना के साथ मिलकर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग किया। इस दौरान कैडेट्स ने ट्रैफिक चौराहों पर तैनात रहकर वाहनों को सही दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वाहन चालकों से बातचीत करते हुए उन्हें यातायात के नियमों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया। दूसरी गतिविधि के तहत एनसीसी के एक अन्य समूह ने जिला अस्पताल ऊना का दौरा किया। अस्पताल में कैडेट्स ने मरीजों और उनके परिजनों की सहायता की। उन्होंने मरीजों को सही वार्ड तक पहुंचने में मदद की और अस्पताल की प्रक्रियाओं को समझने में उनका मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही कैडेट्स ने मरीजों से संवाद स्थापित किया और उनके प्रति सहानुभूति दिखाने का प्रयास किया। उन्होंने मरीजों का हालचाल पूछा और उनकी परेशानियों को समझकर उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया। कॉलेज ऊना की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा ने कैडेट्स की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा एनसीसी कैडेट्स ने न केवल सामाजिक सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया है बल्कि अन्य छात्रों और समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बने हैं। इस अवसर पर कॉलेज के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन अश्विनी कुमार भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।
नाहन में ट्रैफिक पुलिस वाहन की बॉडी से बाहर लोड़ किए गए सरिये को लेकर चालान करते हुए। संवाद
नाहन में ट्रैफिक पुलिस वाहन की बॉडी से बाहर लोड़ किए गए सरिये को लेकर चालान करते हुए। संवाद