संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में कॅरिअर एंड काउंसलिंग सेल की ओर से व्याख्यान और सामान्य ज्ञान पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को किया गया। इस व्याख्यान में रिसोर्स पर्सन के रूप में राजकीय महाविद्यालय अंब की आचार्य डॉक्टर वंदना कौंडल ने शिरकत की और साक्षात्कार कौशल और तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला तथा साक्षात्कार के दौरान आने वाली समस्याओं से निपटने की विधियों के बारे में अवगत करवाया। आचार्य डॉक्टर वंदना कौंडल ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा अन्य कला के क्षेत्रों की तरफ भी रुझान बढ़ाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चलाई गई स्किल इंडिया योजना के सपने को पूरा करने के लिए कॉलेज में अकादमिक शिक्षा के अलावा कला के क्षेत्र में भी शिक्षा प्रदान की जा रही है। आज की अकादमिक गतिविधियों के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में नौ टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में टीम- 3 के विशाल और करणवीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम 9 के सूर्यवीर और काजल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और टीम 2 तथा टीम 6 के निखिल, हर्षित, महक, मोनिका ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के ऊर्जा क्लब, एनएसएस इकाई, रेड रिबन और रेड क्रॉस के सदस्यों और स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों ने इसमें बढ़कर हिस्सा लिया।