लगातार बर्फबारी के बावजूद पुजारियों ने निभाई परंपरा, श्रद्धालुओं को फिलहाल मंदिर न आने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंडी जिले की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित शिकारी देवी मंदिर में बर्फबारी के बीच विधिवत पूजा-अर्चना हुई। बुधवार रात से जारी बर्फबारी के बावजूद पुजारी और मंदिर कमेटी के सदस्य कठिन परिस्थितियों में पहुंचकर माता की पूजा संपन्न कराई। करीब 11 हजार फीट ऊंचाई पर स्थित यह छत विहीन मंदिर अपनी आस्था के लिए प्रसिद्ध है। सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहता है। पुजारी सुरेश शर्मा के अनुसार क्षेत्र में एक फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है और मौसम खराब है, इसलिए श्रद्धालुओं को मंदिर न आने की अपील की गई। मंडी के निचले इलाकों में लगातार बारिश से ठंड बढ़ गई है, लेकिन किसानों के लिए यह खेती के लिहाज से लाभदायक है।