थानाकलां(ऊना)। हैमर बॉल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की बैठक थानाकलां स्थित विश्राम गृह में अध्यक्ष सुशील कुमार धीमान की अध्यक्षता में हुई। इसमें तीसरी सीनियर राष्ट्रीय हैमर बॉल प्रतियोगिता के आयोजन और हिमाचल प्रदेश की टीम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता 17 से 21 दिसंबर तक नागपुर में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश की टीम की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। टीम चयन की जिम्मेदारी कल्लू के जितेंद्र कुमार और अंब के स्पर्श शर्मा को सौंपी गई। बैठक में एसोसिएशन के महासचिव जगदीश सहोता, जितेंद्र, अमन, अभय, रमन और सारंग सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।