स्वास्थ्य विभाग जिले भर में चलाएगा विशेष अभियान
सेहतमंद रहने के लिए विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले भर के स्कूलों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर सभी स्वास्थ्य खंड अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य जांच के अलावा विद्यार्थियों को सेहतमंद कैसे रहना है, इसे लेकर जागरूक भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग जिलेभर में बच्चों में खून की जांच करेगा। इस दौरान अगर किसी बच्चे में कोई स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कत पाई जाती है तो उसका उपचार भी विभाग की तरफ से किया जाएगा। अगर कोई गंभीर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत बच्चे में पाई जाती है तो संबंधित अस्पताल के लिए रेफर भी किया जाएगा। साथ ही अगर ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है तो इसका खर्च भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ही वहन किया जाएगा। वहीं गर्मियों में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बरसात में होने वाले जलजनित रोगों को लेकर भी विद्यार्थियों के अलावा स्कूल स्टाफ को जागरूक किया जाएगा। इस प्रक्रिया में सरकारी व निजी स्कूलों को शामिल किया जाएगा ताकि स्कूल स्तर पर ही बच्चों की जांच हो सके। कई बार बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती हैं लेकिन जागरूकता की कमी के चलते अभिभावक बच्चे की स्वास्थ्य जांच नहीं करवाते हैं। इसके चलते धीरे-धीरे बच्चे में रोग बढ़ने शुरू हो जाते हैं। आगे चलकर कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां झेलनी पड़ जाती हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए विभाग स्कूल स्तर पर ही बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेगा। समय रहते बच्चों की जांच और उन्हें सेहतमंद कैसे रहना है, इस बारे में जागरूक किया जाएगा।
कोट्स
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूलों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसे लेकर जिले में प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी स्वास्थ्य खंडों को इसे लेकर सूचित कर दिया गया है।
डाॅ. सुखदीप सिंह सिद्धु, जिला स्वास्थ्य अधिकारी