सरकार ने पारित किए 16 करोड़ के टेंडर, 18 महीनों में पूरा होगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल । नंगल निवासियों को सतलुज दरिया से लिफ्ट कर शुद्ध पानी की सप्लाई की जाएगी। पंजाब के शिक्षा मंत्री एडवोकेट हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को कहा कि शहर के चारों और नहरें व सतलुज दरिया होने के बावजूद पीने का पानी लोगों को पूरा नहीं मिल रहा है। इसके चलते यह योजना बनाई गई है। योजना के तहत 16 करोड़ के टेंडर पारित हो चुके हैं। सतलुज नदी से दो ट्रीटमेंट प्लांटों तक पंहुचाया जाएगा और उसके उपरांत क्षेत्र वासियों को उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होने कहा कि 18 महीनों में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यह परियोजना नंगल शहर के लिए एक बड़ी सौगात है। इस अवसर पर गुरु रविदास आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. संजीव गौतम और रूपनगर के जिला अध्यक्ष भी उपस्थित थे।