दौलतपुर चौक (ऊना)। मानसून की दस्तक से पहले नगर पंचायत दौलतपुर चौक ने सफाई व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। संभावित जलभराव और गंदगी से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से रविवार को बाजार व आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर और जेई अंकुश कुमार ने किया। सफाई कर्मचारियों ने मुख्य बाजार सहित विभिन्न स्थानों की नालियों से जमा गाद, कूड़ा-कचरा और उगी झाड़ियों को हटाकर जल निकासी को सुचारु बनाया। कई स्थानों पर नालियां बंद होने के कारण पानी के बहाव में आ रही रुकावटों को भी दूर किया गया।
नगर पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति पैदा न हो इसके लिए पहले से ही व्यापक स्तर पर सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से नालियों की सफाई जारी रहेगी और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जेई अंकुश कुमार ने कहा कि नालियों की समय रहते सफाई होने से वर्षा जल की निकासी सुचारु रहेगी और लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें और स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के पूरे सीजन के दौरान सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जहां भी जल निकासी में बाधा मिलेगी वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।