संतोषगढ़ में मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय के बाहर खड़े प्रतिनिधिमंडल
कहा- कुछ लोगों ने सब्जी मंडी में आने और मस्जिद जाने से रोके समुदाय के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राष्ट्रीय दलित मानवाधिकार अभियान एवं राष्ट्रीय दलित न्याय आंदोलन के राज्य महासचिव राज महे ने प्रतिनिधिमंडल के साथ अतिरिक्त उपायुक्त ऊना और पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन सौंपकर संतोषगढ़ में मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा की मांग उठाई। महे ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के बहुत परिवार जिला ऊना के संतोषगढ़ में करीब 30 से 50 साल से रह रहे हैं। वे स्वां नदी में सब्जी लगाने और बेचने का काम करते हैं। कुछ दिन पहले मुस्लिम समुदाय के लोगों ने टाहलीवाल और उसके आसपास में लगने वाली मंडियों में सब्जी की दुकानें लगाईं। वहां पर कुछ लोग आए और दुकानें लगाने से मना किया और उनके आधार कार्ड जांचे। बताया कि उनके काफी सारे आधार कार्ड पर जन्म तारीख एक जनवरी लिखी है, जो आधार सेंटर की ओर से ही प्रमाणित की गई है। इन लोगों ने इसे गलत और जाली करार दिया। इसके अलावा टाहलीवाल की सब्जी मंडी में एक पोस्टर भी लगाया गया है। इसमें लिखा है कि आप धर्म पूछकर सामान खरीदें।
राज महे ने कहा कि सभी मुस्लिम लोग भारत के नागरिक हैं और भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल के स्थायी निवासी हैं। सभी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पहलगाम में हुई अप्रिय घटना को लेकर बहुत खेद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अब तक अमन, शांति व भाईचारे के तहत रहते आए हैं और आगे भी ऐसे ही रहना चाहते हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग हर शुक्रवार को टाहलीवाल में बनी मस्जिद में नमाज अदा करने जाते हैं, वहां पर जाने से भी कुछ लोगों ने उन्हें रोका। इसलिए उपायुक्त सब्जी मंडियों में दुकानें लगाने के लिए मुस्लिम समुदाय को सुरक्षा प्रदान करे और उन्हें नमाज पढ़ने जाने दिया जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि संतोषगढ़ में मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा को लेकर उनके पास मांगपत्र आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने ज्ञापन देने पहुंचे लोगों को पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह के समक्ष पूरी बात रखने को कहा। वहीं, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र के माहौल को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। संतोषगढ़ में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधिमंडल का मांगपत्र उनके पास आया है। मामले में पुलिस की पूरी नजर है।