ऊना। शहर के गलुआ में नगर निगम ने पार्क बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पार्क प्राथमिक पाठशाला गलुआ के समीप बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस माह में इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। पार्क में ओपन एयर जिम, झूले व अन्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी पार्क निर्माण के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। भूमि मिलने पर पार्कों का निर्माण भी होगा। नगर निगम बनने के बाद 14 पंचायतों को भी शहर से जोड़ा गया है। ऐसे में इन क्षेत्रों में भी पार्क बनाए जाएंगे। इसके लिए भी नगर निगम योजना तैयार कर रहा है। इन पार्कों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी।
जिसमें पीने के पानी, बैठने के लिए बेंच, सोलर लाइटें और शौचालय बनाए जाएंगे। इससे पार्क में आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। गलुआ क्षेत्र में पार्क बनाने को लेकर काफी समय से मांग उठाई जा रही थी।
पार्क में बच्चों के लिए आकर्षक झूले, ओपन एयर जिम व सैर करने के लिए करीब 400 मीटर लंबा ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पार्क में सुंदर-सुंदर फूलों की क्यारियां, पेड़-पौधों सहित लाइट की व्यवस्था भी होगी।
परियोजना में पर्यावरण संतुलन और जल प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। बरसाती पानी की सुचारु निकासी के लिए पार्क से सटी खड्ड में ड्रेनेज की व्यवस्था की जाएगी जिससे वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
यह व्यवस्था आसपास के रिहायशी क्षेत्रों के लिए भी राहत लेकर आएगी।