ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। खड्ड में 14 करोड़ रुपये का इंडोर स्टेडियम, पंजावर में 8.5 करोड़ रुपये का सहकारिता प्रशिक्षण केंद्र और स्वां नदी पर निर्माणाधीन पुल क्षेत्र में विकास और कनेक्टिविटी को नई मजबूती देंगे।
राजकीय महाविद्यालय खड्ड में बन रहे इंडोर स्टेडियम का काम अगले तीन से चार माह में पूरा करने के लिए तेजी लाने को कहा गया। अग्निहोत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उपमुख्यमंत्री ने करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे घालूवाल-झलेड़ा और पंडोगा-त्यूड़ी पुलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री खड्ड स्थित संतोषी माता मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भी शामिल हुए।