राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक और क्वांटम क्राफ्टेड स्टूडियो प्रा. लि. के बीच एमओयू पर
बच्चों को कौशल आवश्यकताओं और उद्योग मानकों के अनुरूप मिलेंगे अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक ने शिक्षा और उद्योग के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कॉलेज प्रबंधन ने क्वांटम क्राफ्टेड स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान समय की कौशल आवश्यकताओं एवं उद्योग मानकों के अनुरूप अवसर प्रदान करना है। महाविद्यालय की ओर से समझौता ज्ञापन प्राचार्य डॉक्टर युद्धवीर सिंह पटियाल और कंपनी की ओर से निदेशक रवि कांत सांख्यान की ओर से हस्ताक्षरित किया गया। इस साझेदारी के अंतर्गत विद्यार्थियों को विभिन्न लर्निंग प्रोग्राम, ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इससे उन्हें शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक अनुभव भी प्राप्त होगा। यह पहल छात्रों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए तैयार करने और उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाने की दिशा में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन चौधरी, डॉ. सतिंदर शर्मा और डॉ. शिवानी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। यह एमओयू विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।