ऊना। जिले के ईसपुर क्षेत्र में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहित कुमार उर्फ मनु पुत्र राम स्वरूप, निवासी वार्ड-2, गांव खड्ड जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हरोली के पंजावर अपर निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह बुधवार रात करीब 8:50 बजे अपनी कार से घर लौट रहा था। उनके आगे चल रही बाइक पर एक युवक होशियारपुर की ओर जा रहा था। जब वह मलिक वैष्णो ढाबा, ईसपुर के पास पहुंचे तो सामने की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार युवक उछलकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले पहिये के पास जा गिरा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।