ऊना। पुलिस लाइन झलेड़ा में पुलिस भर्ती प्रक्रिया की दूसरे दिन 793 अभ्यर्थी कसौटी पर खरा नहीं उतरे हैं और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ऊना की ओर से जारी की गई प्रैस विज्ञप्ति के अनुसार 1523 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा था। जिसमें से 586 गैर हाजिर पाए गए और 937 अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में शामिल हुए। हैरत की बात यह रही है कि 51 अभ्यर्थी तय हाइट के तय किए पैमाने को छू तक नहीं पाए और उन्हें अयोग्य घोषित करके बाहर का रास्ता दिखा दिया। इतना ही नहीं बल्कि आधे से ज्यादा यानी 633 युवाओं की सांसें 100 मीटर दौड़ में ही फूल गई और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। वहीं 51 युवा लंबी कूद ना लगा पाने की सूरत में अयोग्य घोषित किए गए। जबकि 54 युवा 800 व 1500 मीटर की दौड़ क्रॉस नहीं कर पाए और उन्हें भी अयोग्य घोषित कर दिया गया है। जिसके चलते दूसरे दिन की भर्ती प्रक्रिया में कुल 793 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित किए गए हैं और मात्र 144 युवा ही भर्ती प्रक्रिया की कसौटी पर खरा उतरे हैं। बता दें कि 15 नवंबर को पुरुष वर्ग की भर्ती प्रक्रिया का अंतिम दिन है और 16 नवंबर को मात्र महिला वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एक ही दिन भर्ती प्रक्रिया के लिए चिन्हित किया गया है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ के अनुसार भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत आयोजित की जा रही है। सुबह 6:00 से यह प्रक्रिया शुरू हो रही है। दस्तावेजों के सत्यापन से लेकर अन्य शारीरिक दक्षता की परीक्षा भी मैदान में की जा रही है। नियमों पर खरा उतरने वाले युवा उतीर्ण हो रहे हैं और बाकी पैरामीटर पर खरना उतरने वाले युवा अयोग्य घोषित हो रहे हैं।