फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: मानसून की मार... जोगिंद्रनगर में बढ़े उल्टी, दस्त और बुखार के मरीज

विज्ञापन
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में सोमवार को उपचार के लिए विभिन्न ओपीडियों में उमड़ी मरीजों की भीड़।
विज्ञापन
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मानसून के दौरान फैल रही मौसमी बीमारियों का असर अब जोगिंद्रनगर क्षेत्र में साफ दिखाई देने लगा है। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में उल्टी, दस्त और तेज बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में 300 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। सुबह 11 बजे तक ही 200 से अधिक मरीज पर्ची बनवाकर अस्पताल पहुंच चुके थे, जिससे ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं और पर्ची काउंटर पर दिनभर भारी भीड़ रही।
विज्ञापन

डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। विशेषज्ञ चिकित्सक की अनुपस्थिति से ओपीडी नंबर 105 बंद रही, जिसके चलते सामान्य ओपीडी नंबर 106 में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। अस्पताल में सोमवार को केवल चार चिकित्सक ही उपलब्ध थे। आपातकालीन सेवाओं में तैनात डॉ. प्रियंका को सामान्य ओपीडी की जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ी। उनके साथ चिकित्साधिकारी डॉ. अंकित ने करीब 200 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि ने वार्ड में भर्ती बच्चों के साथ अपनी ओपीडी में आए मरीजों का भी उपचार किया।
अस्पताल में एक्स-रे और रक्त जांच के लिए भी मरीजों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षेत्र के अन्य सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। सामुदायिक अस्पताल चौंतड़ा में प्रतिदिन एक चिकित्सक के भरोसे 100 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि लडभड़ोल अस्पताल में 200 से अधिक ओपीडी हो रही है। उपमंडल के सातों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी रोजाना मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है।
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के एसएमओ डॉ. विकास नाथ ने बताया कि मानसून के मौसम में उल्टी, दस्त और तेज बुखार के मामलों में स्वाभाविक रूप से वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता बनाए रखने, साफ पानी पीने और आवश्यक एहतियात बरतने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें