ऊना। उपायुक्त जतिन लाल ने मंगलवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक वातानुकूलित सम्मेलन कक्ष का लोकार्पण किया। 60 व्यक्तियों की क्षमता वाला यह सम्मेलन कक्ष पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठकों, विचार-विमर्श और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि घनारी में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक संचालित किया जा रहा है जबकि रोड़ा में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके पूर्ण होने पर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यालय परिसर में पार्किंग सुविधा के विस्तार पर 3.5 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने परिसर स्थित लीगल सर्विस क्लीनिक का निरीक्षण भी किया तथा उसकी छत की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल एसके कलिया ने बताया कि कार्यालय के माध्यम से पूर्व सैनिकों को पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान, मेडिकल सहायता, सीएसडी सहित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं।