बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की बुधान पंचायत में मनरेगा कार्य से मजदूर गैर हाजिर पाए गए हैं। इन मजदूरों के नाम मस्टररोल में दर्ज थे। खंड विकास अधिकारी ने शनिवार को पंचायत में चल रहे मनरेगा कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैरहाजिर पाए गए सभी मजदूरों को उन्होंने अनुपस्थित घोषित कर दिया। जबकि पंचायत प्रतिनिधियों को भी फटकार लगाई है। बीडीओ बंगाणा यशपाल परमार ने पंचायत में दोपहर 12 बजे निरीक्षण करने पहुंचे। मनरेगा के मस्टररोल पर जिन व्यक्तियों के नाम अंकित थे, उनमें से मौके पर कुछ लोग उपस्थित नहीं थे। मस्टररोल में उक्त लोगों के नामों को खाली छोड़ा गया था।
बीडीओ ने खुद खाली छोड़े गए व्यक्तियों के नामों पर अनुपस्थिति लगाई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ऐसी घटना भविष्य में न हो। उन्होंने कहा कि काम पर आने वाले मजदूरों की सुबह नौ से दस बजे के बीच ही हाजिरी लगवा दी जाए। कार्यालय पहुंचने पर विकास खंड अधिकारी ने सभी पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि विभागीय नियमों के मुताबिक ही विकास कार्यों को संजीदगी से करवाया जाए। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी यशपाल परमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मनरेगा विकास कार्य में कुछ लोग अनुपस्थित थे। उनकी अनुपस्थिति लगा दी गई है। इस संबंध में सभी पंचायतों को हिदायत दे दी गई है कि काम की जरूरत वाले लोगों के नामों को ही मस्टररोल में डाला जाए।