गांधी और शास्त्री की जयंती पर लगाया रक्तदान शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सामाजिक संस्था सर्व हितकारी के युवा मंडल की ओर से पंजोआ में वीरवार को रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर सिविल अस्पताल अंब के एसएमओ डॉ. पंकज कतना व उनकी टीम की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और युवाओं के साथ स्वयं भी रक्तदान किया। विधायक ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है और युवाओं को समय-समय पर ऐसे आयोजनों में भाग लेकर समाज की भलाई के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने इस पहल के लिए सर्व हितकारी संस्था युवा मंडल के सभी पदाधिकारियों की प्रशंसा की। शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। विधायक बबलू ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को एकजुट करके आजादी दिलाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जैसे प्रधानमंत्री ने जय जवान, जय किसान का नारा देकर देशवासियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों की जयंती पर रक्तदान शिविर का आयोजन करना वास्तव में उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य है। कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने राष्ट्रीय स्तर के एक गायन प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर पंजोआ के गायक दीपक सोनी को बेहड़ जसवां के उज्ज्वल शर्मा को को माता की चुनरी भेंट करके सम्मानित किया।