बंगाणा (ऊना)। पुलवामा में आतंकी हमले की पांचवीं बरसी पर विधायक विवेक शर्मा ने वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक विवेक शर्मा ने विशेष रूप से शहीद बृजेश कुमार के गांव ननाबीं के मुख्य द्वार पर पहुंचकर उन्हें नमन किया और कहा कि इन बलिदानियों की कुर्बानी को देश कभी नहीं भूलेगा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पुलवामा हमले में बलिदान हुए भारतीय सेना के जवानों की शहादत इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो चुकी है। भारत माता के वीर सपूतों ने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इस मौके पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, तहसीलदार अमित कुमार, खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार, थाना प्रभारी रोहित चौधरी के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पूर्व सैनिक व अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद