फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: बेहड़ भटेड़ में रिहायशी इलाके से मात्र 30 मीटर दूर गिरे मिसाइल के टुकड़े

विज्ञापन
बेहड़ भटेड़ में गिरे मिसाइल के टुकड़े की घटना के बाद मौके पर पहुंच उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत
विज्ञापन
देर रात जोरदार धमाके से लोगों की नींद उड़ाई, 10 किमी तक सुनाई दी आवाज
विज्ञापन

लोगों ने कहा- घर तक हिल गए
रिहायशी इलाके के पास हुई घटना, जानमाल का नुकसान नहीं
जिला प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। उपमंडल अंब के अंतर्गत धर्मसाल महंता से सात किलोमीटर दूर बेहड़ भटेड़ गांव में रिहायशी इलाके के नजदीक जोरदार धमाके के साथ मिसाइल का एक बड़ा टुकड़ा खेतों में गिरा। यह घटना बेहड़ गांव के आखिरी छोर पर तीन मकानों के बिल्कुल नजदीक मात्र 30 मीटर की दूरी पर हुई। परिवार के लोग गर्मी का मौसम होने के कारण आंगन में सो रहे थे।
शुक्रवार देर रात 01:30 बजे के करीब गांववासियों को जोरदार आवाज सुनाई दी। आंख खोलते ही जोरदार धमाका हो गया। मिसाइल का कुछ हिस्सा मकान के पिछले हिस्से में गिरा और करीब 50-60 किलो की मिसाइल का बड़ा टुकड़ा मकान के बिल्कुल 30 मीटर की दूरी पर खेतों में गिरा। मिसाइल का एक टुकड़ा मकान के पीछे गिरा था, वहां पर आग लग गई। इसे तुरंत गांववासियों ने काबू में कर लिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के करीब 10 किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी। जिस मकान के नजदीक मिसाइल का बड़ा टुकड़ा गिरा है, उसके ऊपरी क्षेत्र में लगभग 40 रिहायशी मकान हैं। पंचायत प्रधान ने इस मामले की सूचना थाना चिंतपूर्णी में दी। रात को ही थाना से पुलिस मौके पर पहुंच गई और मिसाइल के टुकड़े को कब्जे में लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू तथा एसडीएम सचिन शर्मा ने भी मौका पर पहुंचकर सारे घटनाक्रम की जानकारी ली।पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन

धमाके वाली जगह से 20 मीटर की दूरी पर बने मकान में रहने वाले सर्बजीत सिंह ने बताया कि वे घर के आंगन में सोए हुए थे। रात करीब डेढ़ बजे आसमान में तेज रोशनी होने के चलते उनके पालतू कुत्ते काफी देर से भोंक रहे थे। वह उठे ही थे कि आसमान में जोर से धमाका हुआ। उनके घर तक हिल गए। फिर ऐसे लगा कि खेतों में कुछ गिरा है। धमाके की आवाज से आसपास के लोग भी उठ गए और आसपास देखने लगे कि कोई चीज गिरी है। खेतों में कुछ धातु के टुकड़े दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत पंचायत प्रधान को सूचित किया। ग्राम पंचायत बेहड़ भटेड़ के प्रधान हंसराज का कहना है कि वे रात को ही ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। उपायुक्त ऊना ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी।

उपमुख्यमंत्री और विधायक सुदर्शन बबलू मौके पर पहुंचे
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू शनिवार दोपहर को घटना का जायजा लेने के लिए बेहड़ भटेड़ गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें शांति बनाए रखने की अपील है। सुदर्शन बबलू ने कहा कि क्षेत्र वासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सीमा पर भारतीय सेना हमारी रक्षा कर रही है। कहा कि प्रशासन की ओर से दिए दिशा-निर्देशों का पालन करें। रात के लिए लाइट बंद रखें। इसके अलावा बेहद जरूरी होने पर घर से बाहर निकलें।
विज्ञापन

-
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से घटना की सूचना सेना की संबंधित इकाई को दे दी गई है। विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु की तकनीकी जांच कर रही है। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचना पर ही विश्वास करें। उन्होंने कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं, बस सतर्क और जागरूक रहना जरूरी है।

बेहड़ भटेड़ में गिरे मिसाइल के टुकड़े की घटना के बाद मौके पर पहुंच उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें