दुलैहड़ (ऊना)। चंदपुर स्थित एक स्टोन क्रशर के साथ लगती भूमि में लंबे समय से किए जा रहे खनन के बाद जमीन के धंसने और मिट्टी खिसकने से एक रिहायशी मकान को नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
इस संबंध में चंदपुर निवासी विधवा महिला मीना कुमारी ने उपायुक्त ऊना जतिन लाल को शिकायत पत्र सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में महिला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ चंदपुर में रहती हैं। उनके मकान के साथ लगती भूमि में लंबे समय से खनन एवं उत्खनन का कार्य किया गया है। उनका कहना है कि खनन के कारण भूमि का प्राकृतिक संतुलन और ढलान की स्थिरता प्रभावित हुई है।
अब हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद मकान के समीप जमीन में धंसने, मिट्टी खिसकने और भू-स्खलन जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे उनके मकान और परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। बारिश के बाद जमीन में हुए बदलाव ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
शिकायत में मीना ने कहा कि जब उन्होंने खनन करने वाले पक्ष से इस संबंध में बात की तो किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी लेने से इन्कार कर दिया गया।
उन्हें बताया गया कि खनन की सरकारी अनुमति प्राप्त है और खनन के कारण मकान अथवा संपत्ति को होने वाले किसी भी नुकसान के लिए संबंधित पक्ष जिम्मेदार नहीं है। मीना ने कहा कि सीमित आर्थिक स्थिति के कारण वह स्वयं इस खतरे से निपटने में असमर्थ हैं और उनके लिए यह स्थिति बेहद भयावह है।
उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मौके की स्थिति की जांच करवाई जाए, मकान और परिवार पर मंडरा रहे खतरे का आकलन किया जाए तथा संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। मकान पर मंडराए खतरे से परेशान होना पड़ रहा है।