मैदान के अंदर विभिन्न खेल कोर्ट और ओपन एयर जिम भी होगा स्थापित
खेल मैदान के कायाकल्प के लिए लोनिवि ने शुरू की कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। विधानसभा क्षेत्र हरोली के नगनोली ग्राम पंचायत के विकास में एक ओर मील पत्थर जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री युवा खेल प्रोत्साहन योजना में स्थानीय स्कूल खेल मैदान को मिनी स्टेडियम का रूप देने का कार्य किया जाएगा।
योजना के तहत 15 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से संबंधित ठेकेदार को टेंडर अवार्ड कर दिया गया है। हालांकि कुछ दिन में इसका कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए खेल गतिविधियों का ढांगचत विकास उभरने के लिए मददगार बनेगा। इससे खिलाड़ी अपने खेलों से संबंधित तैयारी अच्छी सुविधाओं के साथ कर पाएंगे।
बता दें कि योजना के तहत नगनोली स्कूल खेल मैदान में फुटबाल, बास्केटबाल, वाॅलीबाल, कबड्डी आदि कई कोर्ट कायाकल्प कर बनाए जाएंगे। दूसरी ओर मैदान पर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं सहित लोगों को ओपन एयर जिम का लाभ भी यहां मिलेगा। खेलों के साथ ग्रामीणों सहित स्थानीय युवा प्रतिभा कसरत भी कर पाएंगे। महत्वकांशी योजना के सिरे चढ़ने से पहले जिला ऊना के खेल विभाग के माध्यम से प्रदेश सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया गया था। मंजूरी मिलने के बाद 15 लाख रुपये की राशि के लिए लोक निर्माण विभाग हरोली ने कार्रवाई आगे बढ़ाई। वहीं, टेंडर आवंटन प्रक्रिया हाल में ही में पूरी कर ली गई है। यकीनन ही आसपास के गांवों को भी इस मैदान के जीर्णाेद्धार से लाभ मिलेगा।
-
टेंडर अवार्ड कर दिया गया है। संबंधित ठेकेदार जल्द ही इस नगनोली खेल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने के लिए कार्य शुरू करेंगे।
-बलदेव सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि, हरोली