अंब (ऊना)। एप्सन कंप्यूटर सेंटर अंब में शनिवार को राष्ट्रीय कॅरिअर सेवा केंद्र ऊना (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में मिनी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सुबह नौ बजे से ही साक्षात्कार स्थल पर पहुंचे युवा अपने दस्तावेजों की जांच करवा रहे थे। साक्षात्कार दोपहर के लगभग एक बजे तक चआ। रोजगार मेले में 60 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियोक्ताओं के समक्ष साक्षात्कार दिया। अंब के निशांत चौधरी ने कहा कि मिनी रोजगार मेला में बैंक मित्र पद के लिए साक्षात्कार दिया है। मोहनलाल ने कहा कि यह एक बेहतरीन अवसर रहा जिससे साक्षात्कार प्रक्रिया को समझने का मौका मिला। शगुन मेहरा ने कहा कि साक्षात्कार के दौरान पूछे गए प्रश्नों से काफी आत्मविश्वास बढ़ा है। भारती ने कहा कि पहली बार इस तरह के फेयर में शामिल होकर बहुत अच्छा लगा।
रिया गोस्वामी ने कहा कि संस्थान द्वारा आयोजित इस मेले के माध्यम से हमें अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी मिली है। आदित्य चौधरी ने कहा कि कोडिंग इंस्ट्रक्टर पद के लिए साक्षात्कार में शामिल हुआ। तकनीकी क्षेत्र में रोजगार तलाश रहे युवाओं के लिए यह एक बहुत बढ़िया मंच साबित हुआ है।