अंब काॅलेज में कौशल विकास और कॅरिअर मार्गदर्शन के लिए किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। महाराणा प्रताप राजकीय डिग्री कॉलेज अंब में अंबुजा फाउंडेशन ऊना के सहयोग से माइक्रो फाइनेंस (सूक्ष्म वित्त) पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र के मुख्य वक्ता अंबुजा फाउंडेशन के मोबिलाइजेशन ऑफिसर (संगठन अधिकारी) रमेश ठाकुर रहे, जिन्होंने बीकॉम छात्रों को माइक्रो फाइनेंस की कार्यप्रणाली और इसके बढ़ते महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि युवाओं के लिए करियर के अवसर भी प्रस्तुत करता है।
प्रोफेसर अनिल वर्मा ने बताया कि सत्र में 40 छात्रों ने भाग लिया और माइक्रो फाइनेंस के व्यावहारिक पहलुओं को समझा। कार्यक्रम के समापन के बाद, रमेश ठाकुर ने प्राचार्य प्रोफेसर दर्शन कुमार से भेंट की और भविष्य में ट्रेनिंग व प्लेसमेंट को बढ़ावा देने के लिए सहयोग पर चर्चा की। प्राचार्य ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय जल्द ही अंबुजा फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करेगा, जिससे छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।