ऊना। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एमआईए डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में इंटर स्कूल सांस्कृतिक प्रतियोगिता करवाई गई। स्कूल के संस्थापक सदस्य एवं समाजसेवी अरुण नैयर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और स्कूल परिसर में तिरंगा फहराया। इस दौरान स्थानीय विद्यालय तथा एएनएम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल टाहलीवाल के मध्य इंटर स्कूल सांस्कृतिक स्पर्धा का भी आयोजन करवाया गया। इसमें एकल, समूह गायन तथा एकल और समूह नृत्य स्पर्धा करवाई गई। एकल गायन में मेजबान विद्यालय की छात्रा पलाक्षा ने प्रथम पुरस्कार जीता। समूह गायन स्पर्धा में एमआईए डीएवी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य का प्रथम पुरस्कार स्थानीय विद्यालय की जिया ने प्राप्त किया। समूह नृत्य स्पर्धा में मेजबान विद्यालय ने प्रथम पुरस्कार जीता। मुख्य अतिथि अरुण नैयर ने सांस्कृतिक स्पर्धा में विजेता तथा उपविजेता रही टीमों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू शर्मा, उपप्रधानाचार्या सीमा वोहरा एएनएम टाहलीवाल की प्रधानाचार्या विजेता राणा, प्रो. बीएस जसवाल, प्रबंध समिति सदस्य बीएस चंदेल, एमआर शर्मा, विजय, रोहित भारद्वाज तथा प्रो. योगेश सूद, रामपाल शर्मा, धर्म पाल, अशोक शर्मा, रंजीत ऐरी भी मौजूद रहे।