मैहतपुर (ऊना)। हिमाचल-पंजाब के सरकारी स्कूलों में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत उन मेधावियों को स्वामी सेवानंद गिरि अवार्ड से नवाजा गया, जिन्होंने कक्षा में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किए हैं।
ऊना जिला के सीमावर्ती सरकारी स्कूलों तथा नंगल पंजाब के आसपास के सरकारी स्कूलों के मेधावियों को नकद राशि प्रमाणपत्र तथा स्वामी जी की जीवनी पर आधारित पुस्तक देकर सम्मानित किया गया।
हिमाचल तथा पंजाब के 17 स्कूलों के करीब में 55 मेधावियों को स्वामी सेवानंद गिरि अवार्ड से नवाजा गया। ठाकुरद्वारा गौरीशंकर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चंद्र भारद्वाज ने बताया कि यह अवार्ड कमेटी की ओर से पिछले कई वर्षों से 12वीं कक्षा के मेधावियों को दिया जाता है।
शिक्षा के प्रति स्वामी जी के लगाव तथा प्रेरणा से मंदिर कमेटी ने मेधावी विद्यार्थियों को इस प्रकार से स्वामी सेवानंद गिरि अवार्ड देने का संकल्प लिया था, जिसे पिछले की वर्षों से निरंतर निभाया जा रहा है।
खास बात यह है कि मंदिर कमेटी के पदाधिकारी संबंधित स्कूलों में जाकर मेधावियों को सम्मानित करते हैं, जिन्होंने प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस वर्ष भी मंदिर कमेटी की ओर से सुभाष चंद्र भारद्वाज, प्रो. बीके शर्मा, हरीश, डॉ. महेंद्र गोपाल शास्त्री साहित कई अन्य लोगों ने स्कूलों में जाकर मेधावियों को सम्मानित किया।