ऊना। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अस्पताल का दौरा कर मरीजों और परिजनों को हो रहीं दिक्कतों के बारे में जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह अस्पताल जिले का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है, जहां रोजाना विभिन्न क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लेकिन, अस्पताल में उपलब्ध स्ट्रेचर और व्हीलचेयर काफी पुराने हो चुके हैं। ऐसे में प्रबंधन को इन्हें बदलने के लिए शीघ्र कदम उठाने चाहिए ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा ऊना मंडल के आईटी सचिव दिनेश कुमार, विशाल गोपी, रितेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने आश्वासन दिया कि प्रबंधन इन समस्याओं को दूर करने के लिए प्रयासरत है और जल्द ही समाधान किया जाएगा।