मंदिर की सुरक्षा के लिए बनाया गया डंगा टूटा, कमरे के पिलर भी हुए क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की उपतहसील जोल के अंतर्गत पंचायत सोहारी के गांव बल्दोह स्थित प्राचीन सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर पर भारी बारिश के चलते बड़ा ल्हासा गिर गया। इस हादसे में मंदिर की सुरक्षा के लिए बनाया गया डंगा टूट गया, वहीं मंदिर से जुड़े कमरे के पिलर क्षतिग्रस्त हो जाने से उसका लेंटर भी नीचे गिर गया। ग्रामीणों डिंपल ठाकुर, राज सिंह, जितेश और पंकज ठाकुर ने बताया कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और यहां सिद्ध बाबा बालक नाथ की प्राचीन मूर्ति स्थापित है। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से इस मंदिर का निर्माण किया था लेकिन लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मंदिर को गंभीर क्षति पहुंची है। स्थानीय श्रद्धालु रजनीश कुमार ने कहा कि यह मंदिर गांव की आस्था और शान का प्रतीक है, जहां हर महीने सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। मंदिर को हुए नुकसान से श्रद्धालु गहरी व्यथा में हैं। वहीं, वरिंदर सिंह राणा ने कहा कि बरसों से यहां पूजा-अर्चना होती आ रही है, ऐसे में प्रशासन को मंदिर की सुरक्षा और मरम्मत के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। श्रद्धालु महिलाओं ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो मंदिर को और अधिक नुकसान हो सकता है। पंचायत प्रधान ने आश्वासन दिया कि पंचायत स्तर पर हर संभव मदद दी जाएगी और प्रशासन से भी विशेष सहायता का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर की सुरक्षा और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।