सुबह शिक्षक स्टोर रूम से रजिस्टर निकालकर बरामदे में ही बच्चों की हाजिरी लगाते हैं। इसके बाद वहीं से राशन निकालकर बरामदे के एक कोने में मिड डे मील पकाया और बच्चों को परोसा जाता है। सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक प्रार्थना सभा से लेकर तमाम शैक्षणिक गतिविधियां इसी बरामदे में निपटाई जाती हैं। नेशनल हाईवे किनारे स्थित इस स्कूल में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। खेल मैदान के अभाव में बच्चे शारीरिक गतिविधियों से भी महरूम हैं। मंदिर में धार्मिक आयोजन होने पर पढ़ाई पूरी तरह ठप हो जाती है। शिक्षक और बच्चे लाचार होकर आयोजनों के समाप्त होने का इंतजार करते हैं।
सीमित संसाधनों के साथ पढ़ाई करवानी पड़ रही है। मंदिर में अन्य कार्यक्रम होने पर पढ़ाई बाधित होती है। हर बार एसएमसी बैठक में मुद्दे को उठाकर प्रस्ताव विभाग को भेजा जाता है। मगर अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। -नीरज शर्मा, मुख्याध्यापक, राजकीय प्राथमिक स्कूल मैहतपुर
सरकार स्कूल के लिए अपना भवन मुहैया करवाने के लिए जल्द कदम उठाए। लंबे अरसे से मंदिर के बरामदे में बैठकर भविष्य संवारने के लिए पढ़ाई कर रहे बच्चों को भी अन्य स्कूलों की तरह सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। -लखवीर कौर, प्रधान, एसएमसी
प्राथमिकी स्कूल के भवन निर्माण के मामले को नगर परिषद की हाउस बैठक में लाया जाएगा। सभी पार्षदों की सहमति बनाकर स्कूल भवन के निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन मुहैया करवाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। -रजिंद्र कौर, पार्षद, वार्ड-पांच, नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा।