मैड़ी मेले को लेकर बैठक करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
धार्मिक स्थल बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में 16 मार्च से शुरू होने वाले होला मोहल्ला को लेकर सोमवार को एसपी अनुपम शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित की गई बैठक में एएसपी तथा पुलिस मेला अधिकारी मदन लाल कौशल और डीएसपी अंब जितेंद्र कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह और डीएसपी प्रोबशनर हरीश शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में मेला बाबा बड़भाग सिंह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा मेला सेक्टर प्रभारियों को उनके सेक्टरों की भौतिक स्थिति, कर्तव्य पालन में आने वाली बाधाओं और उनके संदर्भ में जरूरी दिशानिर्देश भी जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि मैड़ी मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 1 हजार 172 जवान अपनी सेवाएं देंगे। इनमें नौ राजपत्रित पुलिस अधिकारी, 36 अराजपत्रित पुलिस अधिकारी ग्रेड-1, 61 मुख्य आरक्षी, 401 आरक्षी, 40 महिला आरक्षी एवं 625 गृह रक्षक तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेले को पूर्णतया सुचारु और सफल बनाने के लिए समस्त सेक्टर पुलिस अधिकारियों को हिदायतें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर हर प्रकार से कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार का अंदेशा या संदेह होने की दिशा में तुरंत सेक्टर प्रभारी के ध्यान में लाया जाए।
श्रद्धालुओं के साथ नम्रता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, जिससे किसी की धार्मिक भावना को किसी प्रकार से ठेस न पहुंचे। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पालन के दौरान पूर्ण तौर पर सतर्क रहें तथा निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थान को तब तक न छोड़ें, जब तक दूसरा कर्मी आपके स्थान पर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो जाता। एसपी ने कहा कि अगर कोई श्रद्धालु किसी भी प्रकार का हुड़दंग मचाने या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है, तो उसे पकड़ कर तत्काल सेक्टर नियंत्रण कक्ष में ले जाएं। उन्होंने कहा कि मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में एक अस्थायी पुलिस चौकी मैड़ी में स्थापित की गई है। एसपी ने बताया कि मेला क्षेत्र को कुल 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक प्रभारी और एक राजपत्रित पुलिस अधिकारी को नियुक्त किया गया है।