फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वार्ड नंबर दो में कूड़े के ढेर, खुले में सीवरेज

Mon, 08 Feb 2016 07:36 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। शहर के वार्ड नंबर दो के लोग कूड़ा-कर्कट के समुचित निपटारे की व्यवस्था न होने से तंग हैं। सफाई कर्मी सप्ताह में एक से दो बार ही गलियों में आता है, जिसकी वजह से खासकर गुरुसर मोहल्ले में दोपहर तक कूड़े के ढेर लगे रहते हैं।
विज्ञापन


गुरुद्वारा तेग सिंह के साथ लगती सड़क में पूरे मोहल्ले का कूड़ा जमा हो जाता है, जिसे उठाने वाला कोई नहीं है। वहीं, कई जगह सीवरेज लाइन की व्यवस्था न होने से लोगों ने मल निकासी की पाइपें खुले में छोड़ रखी हैं, जिससे क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका है। आलम यह है कि नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं, जिसकी वजह से चारों ओर बदबू फैल रही है।
 सोमवार को ‘अमर उजाला’ ने अपने अभियान ‘आपकी आवाज’ के तहत गुरुसर मोहल्ले में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि उनके साथ वार्ड नंबर दो के पार्षद पवन कपिला, वार्ड नंबर एक के पार्षद एडवोकेट रमेश कुमार, विद्युत बोर्ड के जेई जीवन लाल शर्मा, बलविंद्र गोल्डी, राजेंद्र मक्कड़, परमजीत, तनु मक्कड़, डॉ. राजेंद्र कुमार, गुरदयाल सिंह, विक्रम सिंह, प्रिंस मक्कड़, एनसी गुप्ता, अजय कुमार, गुरप्रीत सिंह, महेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सोहन सिंह, राजकुमार, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

इनसेट
वार्ड दो में समस्याओं का अंबार
1. स्वच्छता: वार्ड में कूड़ेदानों के लिए जगह न मिलने से यहां कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी पेश आती है। सफाई कर्मी भी वार्ड में नियमित नहीं आ रहे हैं।
2. सीवरेज : वार्ड में कई जगह सीवरेज की पाइप लाइन नहीं है, जिसकी वजह से मल निकासी खुले में जा रही है।
3. स्ट्रीट लाइट्स : शहर में कई जगह स्ट्रीट लाइट्स बंद पड़ी हैं। विभाग के पास स्टाफ की कमी होने के कारण नप भी इस समस्या को लेकर मजबूर है।
4. नालियां : वार्ड के विकास के साथ नालियों का आकार छोटा हो गया है, जिसकी वजह से बारिश के दिनों में कचरा नालियों में फंस जाता है। इन नालियों को चौड़ा और पक्का किए जाने की जरूरत है।  5. शौचालय : वार्ड नंबर दो के साथ शहर में निर्मित एकमात्र शौचालय की हालत खस्ता है। इसकी मरम्मत की आवश्यकता है।


क्या कहते हैं लोग - सचित्र
1. नप करे कूड़े का निपटारा : गुरुबख्श सिंह मक्कड़
वार्ड नंबर दो के वरिष्ठ नागरिक गुरुबख्श सिंह मक्कड़ ने कहा कि वार्ड में एक जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नगर परिषद को इसके समुचित निपटारे को लेकर योजना बनानी चाहिए।
2. खुली की जाएं नालियां : तरसेम शर्मा
वार्ड नंबर दो निवासी तरसेम शर्मा का कहना है कि पूरे वार्ड में पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां संकरी हैं, जिसकी वजह से खासकर बरसात के दिनों में नालियां या तो ब्लॉक हो जाती हैं या कचरा उगलने लगती हैं। उन्होंने नगर परिषद से नालियों को चौड़ा करने की मांग रखी।
3. लावारिस कुत्तों से मिले निजात : कोमल
कोमल कुमारी का कहना है कि शहर में लावारिस कुत्तों के आतंक से बच्चों को घरों से बाहर निकालना मुश्किल हो गया है। कुत्तों ने कई बार बच्चों को काटा है, जिससे लोग दहशत में हैं। उन्होंने कूड़े की समस्या भी नप अध्यक्ष के समक्ष उठाई।
4. डॉग मालिकों को जारी किए जाएं लाइसेंस : योग मान सिंह
योग मान सिंह ने कुत्तों की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि लोग पालतू कुत्तों को भी गलियों में छोड़ देते हैं, जिससे राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। डॉग मालिकों को नप की ओर से लाइसेंस जारी किए जाएं।
5. सीवरेज कनेक्शन दिए जाएं : अनीता देवी
अनीता देवी का कहना है कि शहर में सीवरेज कनेक्शन न होने से दिक्कतें पेश आ रही हैं। वार्ड में मेन पाइप लाइन तो बिछ गई है, लेकिन कनेक्टिविटी नहीं।
6. स्ट्रीट लाइट्स हों दुरुस्त : रजनी कपिला
रजनी कपिला का कहना है कि वार्ड में कई जगह स्ट्रीट लाइट व्यवस्थित तरीके से नहीं लगी हैं तो कहीं बत्ती गुल रहती है। उन्होंने नगर परिषद से इस समस्या के हल की मांग की है।  
7. सुधरे सफाई व्यवस्था : पुष्पा देवी
पुष्पा देवी ने वार्ड में सफाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वार्ड में सफाई कर्मी का नियमित समय पर आना सुनिश्चित किया जाए ताकि शहर में स्वच्छता को लेकर कोई समस्या पेश न आए।
इनसेट
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि/अधिकारी
कमेटियों का होगा गठन : अमरजोत बेदी
‘आपकी आवाज कार्यक्रम’ में मौजूद नगर परिषद अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी ने सभी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि फिलहाल नगर परिषद में स्टाफ की दिक्कत चल रही है। फिर भी लोगों की समस्या को देखते हुए सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए नप की ओर से बाकायदा कमेटियों का गठन किया जाएगा, जो वार्ड पार्षद की अध्यक्षता में काम करेंगी। वहीं, उन्होंने कहा कि अगले छह माह के भीतर नप दो टाटा ऐस वाहन खरीदेगा, जो हर मोटर योग्य गलियों के चक्कर लगाकर कूड़ा एकत्र करेगा। इसके अलावा वार्ड पार्षद पवन कपिला ने भी लोगों की समस्याओं के हल का आश्ववासन दिया। मौके पर मौजूद विद्युत बोर्ड के जेई जीवन लाल शर्मा ने कहा कि बोर्ड में स्टाफ की दिक्कत चल रही है, इसके बावजूद नप को एक लाइनमैन नियमित रूप से मुहैया कराया जाएगा।

आप भी उठाएं आवाज
हिमाचल का नंबर वन अखबार अमर उजाला आपकी आवाज अभियान के जरिए आपकी समस्याओं को हल करवाने का प्रयास कर रहा है। आपके सहयोग के बिना यह संभव नहीं है। आपके इलाके की कोई भी समस्या जिसका समाधान न हो रहा हो, उसे अमर उजाला के साथ सांझा करें। हम आपकी आवाज बनेंगे। आप संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन

व्हाट्स एप : 9418139812
-----
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें