ऊना। उपायुक्त अभिषेेक जैन ने वीरवार को तहसील कार्यालय ऊना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाएं जांचीं तथा अधिकारियों को कार्यालय परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ कार्यालय के रिकॉर्ड को भी व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि वह कार्यालय में आने वाले लोगों के प्रति अपना व्यवहार सौहार्दपूर्ण रखें तथा किसी भी कार्य को अनावश्यक तौर पर लटकाने के बजाय नियमानुसार लोगों का सही मार्गदर्शन करते हुए समस्या को निपटाने का पूर्ण प्रयास करें। साथ ही यदि कोई कार्य नहीं हो सकता है तो उस बारे में संबंधित व्यक्ति को कारण बताना भी सुनिश्चित करें।
डीसी ने अधिकारियों को तहसील स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने तथा रजिस्ट्री, हिमाचल व आय प्रमाण पत्र आदि बनाते समय सारी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद ही सर्टिफिकेट जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कैश बुक समय पर भरने, एसीआर मूवमेंट रजिस्टर लगाने तथा सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई सूचना से संबंधित जानकारी को लेकर कागजात को भी पूरी गहनता के साथ पढ़कर ही जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार को अपने अधीनस्थ फील्ड कार्यालयों का नियमित तौर पर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पटवारियों को सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को कार्यालय में ही रहकर लोगों से संबंधित कार्य निष्पादन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि संबंधित दिनों में पटवारी को कार्यालय से संबंधित कार्य को लेकर बाहर जाना पडता है तो इस बारे नोटिस बोर्ड में सूचना लगाना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पडे़। डीसी ने बचत भवन स्थित तहसील कार्यालय की आवश्यक मरम्मत व रखरखाव के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की। इस दौरान तहसीलदार ऊना राजकुमार ठाकुर भी उपस्थित थे।