ऊना में 120 रुपये में ताजा और स्वादिष्ट भोजन, महिलाओं की आय में बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत मीना ठाकुर और अन्य महिलाओं द्वारा संचालित हिम ईरा फूड वैन ने ऊना में स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण का नया उदाहरण पेश किया है। घंडावल क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह की प्रधान मीना ठाकुर ने इस फूड वैन के माध्यम से शहर के कर्मचारियों और अधिकारियों को दोपहर का ताजा और स्वादिष्ट भोजन मात्र 120 रुपये में उपलब्ध कराया है।
इस फूड वैन में आधुनिक किचन, पानी की टंकी और गंदे पानी की निकासी की सुविधा है। प्रतिदिन तीन प्रकार की सब्जियां, दाल या तरल सब्जी, चावल, रायता और ताजा चपातियां तैयार की जाती हैं। इसके अलावा गोलगप्पे, टिक्की, मोमो और छोले-कुल्चे जैसी ताजी व्यंजन भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
मीना ठाकुर ने बताया कि इस कार्य से वे प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं, जबकि उनके साथ जुड़ी दस महिलाओं को प्रतिदिन 500 रुपये का मानदेय मिलता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है। मीना ठाकुर ने कहा कि उनका उद्देश्य न केवल खुद को बल्कि अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाना है।
इस पहल से क्षेत्र की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और शहर में ताजा और पौष्टिक भोजन की सुविधा भी बढ़ी है।
खाद्य सामग्री तैयार कर रही मीना ठाकुर व अन्य महिलाएं। संवाद