मैहतपुर (ऊना)। नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा में वीरवार को अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद का चुनाव हुआ जिसमें वार्ड दो की भाजपा पार्षद मीना कुमारी को अध्यक्ष तथा वार्ड छह से सरोज देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया। भाजपा विधायक सतपाल सत्ती की उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। खास बात यह रही कि नगर परिषद में महिलाओं को ही दोनों पद मिले हैं। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत बाजार में विजय जुलूस भी निकाला गया। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के लिए शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया में भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 2 की पार्षद मीना कुमारी का नाम रखा गया जबकि कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 5 की पार्षद राजेंद्र कौर ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी ठोंकी। भाजपा के पास बहुमत होने के चलते 6-3 से मीना कुमारी को अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड 6 से भाजपा समर्थित पार्षद सरोज देवी का नाम अनुमोदित किया गया जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 4 के युवा पार्षद सोमेश्वर कुमार ने अपनी दावेदारी जताई। हैरत की बात यह कि भाजपा में से ही एक पार्षद ने विरोधी पार्टी के दावेदार सोमेश्वर के पक्ष में मत देकर जीत का अंतर 5-4 कर दिया, लिहाजा सरोज देवी को छह के मुकाबले पांच मतों के अंतर से उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित कर दिया गया। उपाध्यक्ष की दावेदारी में कांग्रेस पार्षद को किसने दिया वोट, यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सूत्रों ने कहा कि चुने हुए पार्षदों में से दो पार्षदों के तार कांग्रेस पार्टी से भी जुड़े थे। लिहाजा वार्ड नंबर 5 की पार्षद राजेंद्र कौर ने इसी बिनाह पर अध्यक्ष पद की दावेदारी ठोंकी थी लेकिन ऐन वक्त पर उन दो पार्षदों ने भाजपा के साथ ही जाकर कांग्रेस पार्षदों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। नगर परिषद में कुल 9 वार्डों में से केवल दो पुरुष पार्षद ही जीतकर आए हैं, बाकी की सभी सात पार्षद महिलाएं हैं, लिहाजा स्थानीय नगर परिषद के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पदों पर दोनों महिलाओं की सरदारी कायम हो गई है। भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि यह आम जनता की जीत है, सब मिलजुल कर नगर परिषद को विकास की ओर लेकर जाएंगे, ऐसी उम्मीद करनी चाहिए।