चोरों की घेराबंदी को लेकर युवा रात को दे रहे पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं के प्रयास से लोग चिंतित हैं। बीते दो-तीन दिन में अज्ञात नकाबपोश युवक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि हर बार स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण ये प्रयास असफल रहे हैं। हाल की घटना में रात लगभग ढाई बजे तीन संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में वे नकाब पहनकर चिंतपूर्णी बाजार क्षेत्र में घूमते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि बीते दिनों दुकानों और मकानों को निशाना बनाने के प्रयास किए गए हैं। इस पर प्रतिक्रिया स्वरूप गांव और बाजार के युवाओं ने आपसी सहयोग से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और पूरी रात पहरा दे रहे हैं। युवाओं ने यह भी कहा कि देर रात घूम रहे संदिग्धों की तस्वीरें पुलिस को उपलब्ध कराई जाएंगी। उनका मानना है कि चोरी की बढ़ती कोशिशें बाहर से आने वाले भक्तों और आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जय राम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने रात के समय चिंतपूर्णी व आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।