बगलामुखी और चामुंडा मंदिर पहले से ही विवाह करने के लिए हैं मान्य
मंदिर ट्रस्ट की बैठक में होगी चर्चा : सचिन शर्मा
अमन शर्मा
भरवाईं (ऊना)। हिमाचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में भी जल्द जरूरतमंद लोग शादी कर सकेंगे। इसके लिए बाकायदा मंदिर ट्रस्ट की तरफ से शादी का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा, जो मान्य होगा। हालांकि, अभी मंदिर न्यास ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है। आने वाले समय में मंदिर ट्रस्ट की बैठक में इस सुझाव पर चर्चा की जाएगी और मंदिर ट्रस्ट अन्य मंदिरों की तर्ज पर इस सुझाव पर अमलीजामा भी पहना सकता है। बुधवार को चिंतपूर्णी पहुंचे मंदिर के सह आयुक्त व एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने चिंतपूर्णी मंदिर में विवाह करवाने व सर्टिफिकेट देने के सुझाव पर कहा कि मंदिर ट्रस्ट की बैठक में इस बारे में चर्चा की जाएगी। इसके लिए मंदिर न्यास की ओर से ग्यारह हजार या इक्कीस हजार की राशि मंदिर में विवाह करने के लिए शर्त रखी जाएगी। बता दें कि बगलामुखी और चामुंडा मंदिर पहले से विवाह करने के लिए मान्य है। अगर चिंतपूर्णी मंदिर न्यास भी ऐसा निर्णय लेता है तो चिंतपूर्णी के साथ लगते सैकड़ों लोगों को फायदा होगा। उधर, एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने बताया कि ये सुझाव अच्छा है। लेकिन मंदिर ट्रस्ट की बैठक में सभी से चर्चा करके सहमति बनने पर ही इस पर कोई फैसला लिया जाएगा।