संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल ऊना मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में दो स्कूटी सवार लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं। घायलों को नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। नंगल में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बुधवार को हुए हादसे में दो स्कूटी सवार युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल लड़कियों की पहचान वृंदा निवासी गांव निक्कू नंगल व साक्षी निवासी गांव हंबेवाल के तौर पर हुई। इस हादसे में एक्टिवा को काफी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार दोनों लड़कियां अपनी एक्टिवा पर नंगल की तरफ आ रही थीं कि पेखूबेला (ऊना) से अपने टैंकर में पेट्रोल भरवा बद्दी जा रहे टैंकर ने अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर चालक मुकंद मोहन ने कहा कि एक राहगीर को बचाने के चक्कर में लड़कियां अपनी स्कूटी से संतुलन खो बैठीं और टैंकर के पिछले टायर से टकरा गईं। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने किसी के खिलाफ अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया है।