अंब (ऊना)। धनतेरस और दिवाली को लेकर अंब के बाजार सज गए हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए नई वैरायटी, विशेष छूट और उपहारों की व्यवस्था की है। हालांकि कारोबार को लेकर मिली-जुली स्थिति है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सराफा बाजार में सुस्ती है जबकि मिठाई और बर्तन कारोबारियों को बेहतर बिक्री की उम्मीद है। व्यापारियों ने बाजार में बेतरतीब पार्किंग को भी बड़ी समस्या बताया।
उनका कहना है कि वाहनों के कारण ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसे लेकर कुछ कारोबारियाें ने अपने विचार साझा किए।
अजय एंटरप्राइजेज के संचालक अजय कुमार ने बताया कि वाशिंग मशीन और एलईडी टीवी की मांग है लेकिन ऑनलाइन खरीदारी और बढ़ती प्रतिस्पर्धा से स्थानीय कारोबार प्रभावित हुआ है। पिछले साल के मुकाबले बिक्री में कुछ नरमी है। लाड्डी स्वीट शॉप के संचालक रमन सैनी ने बताया कि त्योहार के लिए नई मिठाइयां तैयार करवाई गई हैं। ग्राहक आज भी पारंपरिक दुकानों के स्वाद और गुणवत्ता पर भरोसा करते हैं। इससे बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
शर्मा बर्तन भंडार के संचालक रजिंद्र शर्मा के अनुसार इस बार नई वैरायटी और डिजाइन उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्हें पिछले साल के मुकाबले बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
उपमंडल के तहत ज्वार स्थित ज्वेलरी शॉप के संचालक राजेश कुमार ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव से सराफा कारोबार प्रभावित हुआ है। पिछले साल की तुलना में बिक्री कम है और ग्राहक सीमित खरीदारी कर रहे हैं।