18 नवंबर तक चलने वाले कोर्स में सभी स्कूलों को प्रतिभागी भेजने को कहा था
विभाग की चेतावनी, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
चुरुड़ू स्कूल में 12 से 18 नवंबर तक करवाया जा रहा गाइड कैप्टन का कोर्स
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुरुड़ू में 12 से 18 नवंबर तक गाइड कैप्टन का कोर्स करवाया जा रहा है। इस कोर्स के लिए उन सभी स्कूलों को अध्यापक भेजने के लिए कहा गया, जहां इससे जुड़ा प्रशिक्षण किसी के हासिल नहीं किया। लेकिन, कोर्स की शुरुआत के पहले दिन यानी 12 नवंबर को कई स्कूलों ने अपनी ओर से अध्यापक नहीं भेजे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को चेताते हुए पत्र जारी किया कि जहां किसी अध्यापक ने यह कोर्स नहीं किया, उनके लिए यह अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जानकारी के अनुसार उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में गाइड कैप्टन बनने के लिए महिला शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके तहत प्रतिवर्ष स्कूलों को फंड भी जारी होता है। उच्च कक्षाओं को दो रुपये और 11वीं व 12वीं कक्षा के लिए तीन रुपये प्रति विद्यार्थी जारी किए जाते हैं। लेकिन, कई स्कूलों में अध्यापकों को इससे जुड़ी प्रशिक्षण व जानकारी न होने से विद्यार्थियों को इस योजना का उचित लाभ नहीं मिल पाता। यही स्थिति जिले के कई स्कूलों में बनी हुई है। इसे ध्यान में रखकर गाइड कैप्टन का कोर्स करवाया जा रहा है।
Iचुरुड़ू स्कूल में गाइड कैप्टन का कोर्स करवाया जा रहा है। सभी स्कूल अपनी ओर से प्रतिभागी महिला अध्यापकों को भेजें। इससे जुड़ा पत्र भी सभी स्कूलों को जारी हुआ है। किसी प्रकार की समस्या होने पर विभाग से संपर्क करें। अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।I
राजेंद्र कौशल, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग।