नैहरियां (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत ज्वार में बुधवार शाम को पेड़ से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतीश कुमार पुत्र मेहर चंद के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार सतीश कुमार घर से लसूड़े (प्राकृतिक सब्जी) लेने के लिए खेतों में गया था। लसूड़े के पेड़ पर चढ़ने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया। इससे वह नीचे गिर गया। बुधवार शाम को अंधड़ और बारिश के बीच वह खेत में ही पड़ा रहा। गांव के ही व्यक्ति ने उसे खेत में पड़े देखा और परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन खेत में पहुंचे और सतीश को उठाकर घर ले गए। उसकी हालत अधिक खराब होने के कारण नागरिक अस्पताल अंब में लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी अंब वसुधा सूद ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। संवाद