नंदपुर में ग्रामीणों को बताए संतुलित आहार के लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा के दिशा-निर्देश पर शनिवार को आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर नंदपुर की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. धीरज संधु और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमला देवी ने वार्ड- 2 के आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने लोगों को संतुलित आहार लेने की प्रेरणा दी और कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना भोजन में हरी सब्जियां, दालें, अनाज, दूध व मौसमी फल शामिल करना बेहद जरूरी है। डॉ. धीरज संधु ने कहा कि आज के समय में मोटापा, खून की कमी और कुपोषण जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इनसे बचाव के लिए हमें अपनी थाली को पौष्टिक और संतुलित बनाना होगा। खासकर महिलाओं और बच्चों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि यही आने वाली पीढ़ी का स्वास्थ्य तय करता है। उन्होंने ग्रामीणों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बच्चों से सवाल-जवाब का दौर भी हुआ, जिसमें उन्हें दैनिक जीवन में छोटी-छोटी स्वास्थ्य आदतें अपनाने की प्रेरणा दी गई।