संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ शनिवार को हुआ। उद्घाटन सत्र की मुख्यातिथि प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से की गई, जिसके बाद स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डॉ. मीता शर्मा ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवियों को अनुशासन, समय प्रबंधन और सामाजिक सहभागिता अपनाने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन के बाद स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। शिविर में 100 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवित्र दुलारी और प्रो. मनजीत सिंह मान के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय का शिक्षण व गैर-शिक्षक स्टाफ भी उपस्थित रहा।